भराड़ीसैंण (गैरसैण) , मार्च 08 -- उत्तराखंड की पंचम विधानसभा (विस) का इस वर्ष का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। इसके लिए राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी मंत्री, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय सभी विधायक तथा अधिकारी राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी पहुंच चुके हैं। सत्र के दौरान सुरक्षा के लिहाज से व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।

व्यापक व्यवस्थाओं के बावजूद, इस बार सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के विस नोडल अधिकारी ने राष्ट्रीय मीडिया के बजाय स्थानीय और सोशल मीडिया को कवरेज के लिए प्रमुखता दी है।

सोमवार 09 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे राज्यपाल सेवानिवृत लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह के अभिभाषण से सत्र की शुरूआत होगी। वह रविवार को यहां पहुंच गए। वह अपने अभिभाषण में राज्य के समग्र विकास के लिए सरकार का रोडमैप रखेंगे। इस पांच दिवसीय सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण, संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के अलावा सभी मंत्री व विधायक भराड़ीसैंण पहुंच गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित