देहरादून , मई 21 -- उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी एवं उनके भाई मनीष खंडूरी ने अपने पिता एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के देहावसान पर देश-प्रदेश से मिली संवेदनाओं एवं श्रद्धांजलि के लिए गुरुवार को एक पत्र जारी कर कृतज्ञता व्यक्त की हैं।
दोनों बहन, भाई ने लिखा है कि इस अत्यंत दुःखद एवं भावुक क्षण में आप सभी माननीय गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों, सेना एवं अर्धसैनिक बलों, प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारियों, राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों, अधिवक्ता परिषदों, पूर्व सैनिक एवं सैनिक प्रकोष्ठों, शैक्षिक संस्थानों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं, मीडिया जगत, अल्पसंख्यक संगठनों, विभिन्न सामाजिक समूहों तथा असंख्य शुभचिंतकों एवं नागरिकों ने दूरभाष, संदेश, पत्र अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं, हम उन सभी के प्रति अपनी विनम्र कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
इस कृतज्ञता पत्र में आगे लिखा गया है कि विशेष रूप से हम उन सभी श्रद्धेय जनों के प्रति आभार प्रकट करते हैं जिन्होंने हमारे निवास पर पधारकर अंतिम दर्शन किए तथा अंत्येष्टि कार्यक्रम हरिद्वार में सम्मिलित होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस कठिन समय में आपकी जनरल साहब के प्रति श्रद्धा और हम सब के प्रति स्नेह, उपस्थिति और आत्मीय सहयोग हमारे परिवार के लिए संबल एवं शक्ति का स्रोत बना।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित