बदरीनाथ , अक्टूब, 24 -- उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को भू-वैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। प्रदेश के नौवें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला बदरीनाथ धाम दौरा रहा।

बदरीनाथ धाम पहुंचने पर हेलीपैड में जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिह्न और हरित पौधा भेंट किया गया। पुलिस के जवानों ने सेरेमोनियल यूनिफॉर्म में राज्यपाल को सलामी दी। राज्यपाल ने जवानों के उत्कृष्ट टर्नआउट और सटीक शस्त्र कवायद की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

भगवान बदरी विशाल के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उन्हें बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी दी।

उल्लेखनीय है कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने 19 अक्टूबर 2026 को देहरादून स्थित लोकभवन में उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की थी। इसके बाद पहली बार बदरीनाथ धाम पहुंचकर उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित