खटीमा , अगस्त 28 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त बस सेवा की सौगात दी है।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा अपने गृह नगर खटीमा में महिलाओं से जुड़े एक कार्यक्रम में की। मुख्यमंत्री को यहां महिलाओं ने राखी बांधी और उनकी कुशलता की कामना की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने सरकारी बसों में अब 60 वर्ष की उम्र से महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया। साथ ही प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत महिलाओं के लिए 10 पिंक ई-बसें चलाने और महिला स्वरोजगार योजना के तहत मिलने वाली दो लाख रुपये की राशि बढ़ाने की भी घोषणा की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन को भाई-बहन के प्रेम, विश्वास का पर्व है। उन्होंने सरकार की महिला-केंद्रित योजनाओं जैसे नंदा गौरा योजना (बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं पास करने पर 51 हजार रुपये की सहायता), मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, 181 महिला हेल्पलाइन, सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण और समान नागरिक संहिता का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड इस कानून को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि स्वयं सहायता समूहों को अब बिना ब्याज के पांच लाख रुपये तक का ऋण दिया जा रहा है, और मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। देहरादून में प्रदेश के सभी 13 जिलों के उत्पादों के लिए 13 बिक्री केंद्र खोलने का निर्णय भी लिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 39000 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और उन्होंने महिलाओं से लखपति से आगे बढ़कर करोड़पति बनने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित