चम्पावत , अप्रैल 19 -- उत्तराखंड के चम्पावत जिले ने विकास कार्यों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 सूत्रीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। मार्च 2026 की रैंकिंग में चम्पावत ने 92.05 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

नियोजन विभाग, अर्थ एवं संख्या निदेशालय द्वारा जारी वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रगति प्रतिवेदन के अनुसार जनपद ने 51 योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। वहीं पिथौरागढ़ 91.35 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और रुद्रप्रयाग 86.03 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्त कीर्ति तिवारी के अनुसार इको-टूरिज्म विकास, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृक्षारोपण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में जनपद का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी विभागों के समन्वित प्रयासों को देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित