देहरादून , अक्तूबर 24 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कालाढूंगी से विधायक बंशीधर भगत ने उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा पर शनिवार को तीखा प्रहार किया। उन्होंने सैलजा को "राजनीतिक असफलताओं की पर्याय" करार देते हुए कहा कि जिस नेत्री के ट्रैक रिकॉर्ड में केवल हार और कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना दर्ज है, वह आज उत्तराखंड की जनता को विकास और न्याय का ज्ञान बाँट रही हैं।
उन्होंने कुमारी सैलजा के राजनीतिक इतिहास पर कहा कि 2017 के विधानसभा चुनावों में जब वे उत्तराखंड की सह-प्रभारी थीं, तब उनके कुप्रबंधन के कारण कांग्रेस मात्र 11 सीटों पर सिमट गई थी। इसके बाद अपने गृह राज्य हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष बनने पर भी वे कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने में पूरी तरह नाकाम रहीं। छत्तीसगढ़ में प्रभारी बनकर भी उन्होंने कांग्रेस का सफाया करवा दिया।
श्री भगत ने चुटकी लेते हुए कहा कि हरियाणा और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का बेड़ा गर्क करने के बाद सैलजा अब एक बार फिर उत्तराखंड में राजनीतिक जमीन तलाशने का निष्फल प्रयास कर रही हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण पर सैलजा के बयानों को भ्रामक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने पहले दिन से ही त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेजा। एसआईटी गठित की और न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की। उन्होंने दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति पर उठाए गए सवालों को पूरी तरह निराधार और बौखलाहट भरा बताया। उन्होंने कहा कि आगामी विधान सभा सत्र के घेराव और न्याय यात्रा का स्वाँग रचने वाली कांग्रेस वास्तव में अपना जनाधार खो चुकी है।
विधायक श्री भगत ने कहा कि राज्य की जागरूक जनता धामी सरकार के सुशासन, पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और यूसीसी जैसे निर्णयों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तथाकथित न्याय यात्रा पूरी तरह फ्लॉप साबित होगी और राज्य की जनता उसके दोहरे चरित्र का जवाब आगामी चुनावों में एक बार फिर देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित