रुद्रपुर/ऊधम सिंह नगर , मई 03 -- नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत प्रदेश के ऊधम सिंह नगर जिले की पुलभट्टा पुलिस ने रविवार को नशे की बड़ी खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ) और थाना पुलभट्टा पुलिस की ओर से आज चौकी बरा क्षेत्र, सितारगंज रोड स्थित नैनीताल बैंक के समीप सघन जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 104.23 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की कीमत 35 लाख रुपए आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मौ० आकिल (33) निवासी इस्लामनगर, सितारगंज बताया। आरोपी के खिलाफ थाना पुलभट्टा में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह स्मैक बहेड़ी क्षेत्र से खरीदकर लाया है और स्थानीय स्तर पर ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था। पुलिस ने संबद्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी वर्ष 2025 में स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है, जिससे उसके संगठित नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित