देहरादून , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा विभाग के माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों में ''स्कूल चलो अभियान'' के तहत मंगलवार को आयोजित ''प्रवेशोत्सव'' धूमधाम से मनाया गया।

इस विशेष अभियान में प्रदेश के राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 01 से 12 तक 67815 नये बच्चों को दाखिला दिया गया। साथ ही नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई पाठ्य पुस्तकें भी वितरित की गई। राज्य के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने बतौर मुख्य अतिथि वर्चुअल माध्यम से जुड़कर ''प्रवेशोत्सव'' कार्यक्रम का शुभारंभ कर नव प्रवेशित बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया।

साथ ही उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश भी दिये।

विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आज प्रदेश के विद्यालयों में आयोजित '''प्रवेशोत्सव'' कार्यक्रम में कक्षा 01 से लेकर कक्षा 12 तक 67815 नये छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया है। जिसमें प्राथमिक स्तर पर 24381 छात्र-छात्राओं ने विद्यालयों में प्रवेश लिया।

इसी प्रकार उच्च प्राथमिक स्तर पर 31008 तथा माध्यमिक स्तर पर 12426 छात्र-छात्राओं को विभिन्न विद्यालयों में प्रवेश दिया गया। जिसमें प्राथमिक शिक्षा में कक्षा-एक में 20405 छात्र-छात्रओ, कक्षा-2 में 1447, कक्षा-3 में 958, कक्षा-4 में 849 तथा कक्षा-5 में 722 छात्र-छात्राएं शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित