देहरादून , मई 11 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पेट्रोलियम पदार्थों का उचित उपयोग करने की अपील के बाद उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी सोमवार को अपने शिविर कार्यालय में स्कूटर से पहुंचेवहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है। श्री मोदी की देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत के लिए नहीं बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के नागरिक हमेशा राष्ट्र हित में अग्रणी रहे हैं। वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तभी सफल होगा, जब हर नागरिक अपने स्तर पर योगदान दे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सभी नागरिकों की सहभागिता से ये संकल्प और अधिक मजबूत होगा।

वहीं, जोशी ने सोमवार गढ़ी कैंट में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद अपने शासकीय वाहन का उपयोग न करते हुए दो पहिया वाहन स्कूटी से अपने शिविर कार्यालय पहुंचकर आमजन को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संसाधनों का संयमित उपयोग करे और अनावश्यक ईंधन खपत से बचे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि छोटी दूरी के लिए यथासंभव दो पहिया वाहन, सार्वजनिक परिवहन अथवा साझा वाहन का उपयोग करें, जिससे पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय कार्यक्रमों एवं निकट दूरी के दौरों के लिए वह स्वयं भी अधिकतम दो पहिया वाहन का उपयोग करेंगे, ताकि आमजन के बीच ईंधन बचत और सादगी का सकारात्मक संदेश पहुंचे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित