हरिद्वार , अप्रैल 26 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र से लापता हुए 13 वर्षीय नाबालिग किशोर को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर रविवार सुबह परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवम विहार कॉलोनी रोशनाबाद निवासी सुमित कुमार ने अपने भतीजे के गुम होने की सूचना थाना सिडकुल में दी थी। इस पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए डिजिटल माध्यमों का सहारा लिया और सुरागरसी-पतारसी के जरिए बालक की लोकेशन का पता लगाया। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने नाबालिग राज मौर्य को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि बालक पढ़ाई में मन न लगने और परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से चला गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नाबालिगों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले का शीघ्र निस्तारण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित