हरिद्वार , मार्च 23 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में धनौरी-जस्ववाला मार्ग पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार धनौरी बाजार में जस्ववाला मार्ग पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी । इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में बाइक पर बैठी महिला सड़क पर गिरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित