देहरादून , मई 27 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ड्रग फ्री देवभूमि' अभियान के तहत संचालित "ऑपरेशन प्रहार" में पौड़ी गढवाल जिला पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर 20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के निवासी इस तस्कर से अवैध नशीला पदार्थ स्मैक बरामद किया गया है। जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग छह लाख रुपये आंकी गयी है।

पौड़ी के पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को जिले के कोटद्वार में नागरिक पुलिस और सीआईयू टीम के संयुक्त जांच अभियान में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। व्यक्ति के कब्जे से 20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में तस्कर के विरुद्ध कोतवाली कोटद्वार में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

श्री पंवार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की पहचान प्रमोद यादव (55) पुत्र ब्रह्म सिंह यादव, निवासी नजीबाबाद, बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है तथा यह भी जांच की जा रही है कि बरामद स्मैक की आपूर्ति किस स्रोत से की गई और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित