देहरादून/नैनीताल , जनवरी 27 -- उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने का मंगलवार को एक वर्ष पूर्ण होने पर राज्य के सभी जिलों में यूसीसी दिवस मनाया गया। उन्नीस जनवरी तक यूसीसी के तहत कुल चार लाख 74 हजार चार सौ 47 विवाहों का पंजीकरण किया गया।
मुख्य समारोह देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुआ। श्री धामी ने कहा है कि यूसीसी लागू कर उत्तराखंड ने अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण पेश किया है। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में पारदर्शिता और सरलता के साथ किए गए क्रियान्वयन से जनता का भरोसा मजबूत हुआ है।
इसके अलावा नैनीताल में हल्द्वानी में समारोह आयोजित किये गये। यूसीसी के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया।
राज्य के सभी तेरह जिला मुख्यालयों के अलावा, पंचायत, विकासखंड और तहसील स्तरों पर यूसीसी लागू होने के पहले वर्ष के पूरा होने पर समारोह आयोजित किए गए। यह समारोह "समानता द्वारा समरसता" थीम पर केंद्रित रहे। गत 19 जनवरी तक यूसीसी लागू होने के एक वर्ष से भी कम समय में कुल चार लाख 74 हजार चार सौ 47 विवाह पंजीकरण पूरे किए जा चुके हैं।
जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा मुख्य कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेंद्र सिंह रावत द्वारा की गई। इस अवसर पर यूसीसी के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा यूसीसी से संबंधित चित्रकला, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। इस दौरान, यूसीसी के उद्देश्यों एवं लाभों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इसमें धर्म, जाति, पंथ से ऊपर उठकर सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार एवं समान कानून की अवधारणा को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा निबंध एवं वाद-विवाद के माध्यम से यूसीसी के उद्देश्यों का प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम द्वितीय तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अमित रावत, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गुप्तकाशी भारत भूषण पंवार सहित सराहनीय कार्य करने वाले ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के सामूहिक प्रयासों से संपूर्ण प्रदेश में जनपद रुद्रप्रयाग को तृतीय स्थान तथा गढ़वाल मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
नैनीताल जिले के सभी विकास खण्डों सहित विभिन्न स्थानों में यूसीसी दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जबकि मुख्य कार्यक्रम का आयोजन एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में किया गया। जिसका उद्घाटन मेयर गजराज बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, डॉ.अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी तथा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया गया। इस अवसर पर शत प्रतिशत यूसीसी में पंजीकरण कराने वाली ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सहित यूसीसी से संबंधित विद्यालयों में कराई गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को संम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि यूसीसी के अन्तर्गत नगर निगम क्षेत्र में पंजीकरण के लिए नगर निगम में सहायता को हेल्प डेस्क बनाया गया है। उन्होंने सभी पात्र व्यक्तियों से यूसीसी के अन्तर्गत अनिवार्य रूप से अपना-अपना पंजीकरण कराने की अपील की है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि यूसीसी के अन्तर्गत पंजीकरण कराने पर भविष्य में हक, दावे, हिस्सा और अधिकार आदि मामलों में दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यूसीसी विभिन्न पहलुओं को विस्तार से रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि लिव इन में जन्मे बच्चों के लिए भी यूसीसी में ध्यान रखा गया है। उन्होंने यूसीसी के अन्तर्गत पंजीकरण कार्य में जनपद में हुई प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नगर निगम एवं पालिका क्षेत्रों में पंजीकरण कार्य अपेक्षाकृत कम होने पर पंजीकरण कार्य में विशेष ध्यान देने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि अब तक नैनीताल जिले में 292 ग्राम सभाओं में शत प्रतिशत यूसीसी पंजीकरण हो चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित