पौड़ी , अप्रैल 28 -- उत्तराखंड की आस्था और धार्मिक महत्व की प्रतीक चारधाम यात्रा इन दिनों पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित हो रही है। यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की निरंतर बढ़ती आवाजाही के बावजूद प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से व्यवस्था सुचारु बनी हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरत रही है। यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस टीमें लगातार मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात हैं और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने में जुटी हुई हैं। पुलिस कर्मी सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए वाहनों को क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो रही है।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर किया जा सके। पुलिस की सक्रिय कार्यशैली के चलते श्रद्धालुओं को न केवल सुरक्षित बल्कि सुगम यात्रा का अनुभव मिल रहा है, वहीं स्थानीय लोगों को भी अनावश्यक परेशानी से राहत मिल रही है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, जिससे चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित