देहरादून , अगस्त 27 -- उत्तराखंड के देहरादून जिले में एक युवक ने गुरुवार को अपनी पत्नी से मामूली कहासुनी के बाद एक धारदार हथियार (पाटल) से उसके गले पर कई प्रहार करके हत्या कर दी और बाद में पुलिस चौकी पहुंचकर आत्म समर्पण कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले का रहने वाले रामजी पाल (38 वर्ष) ने कोतवाली डालनवाला की चौकी आराघर पर आकर बताया कि वह अपने परिवार के साथ मोहिनी रोड पर एक मकान में रहता है। जब वह बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद घर वापस आया तो पत्नी सोनू पाल से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। उसने गुस्से में आकर कमरे में रखी धारदार पाटल से पत्नी के गले पर कई वार करके उसकी हत्या कर दी और पाटल को घर के पास ही झाड़ी में फेंक दिया।

जानकारी मिलने के बाद पुलिस बल अभियुक्त को साथ लेकर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस को महिला के शव के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिले। पुलिस ने तत्काल ही मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित