हरिद्वार/गढ़वाल, अप्रैल 25 -- उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है और गढ़वाल के पहाड़ों में बारिश के आसार हैं।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह तक मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। खासतौर पर गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में मौसम की स्थिति एक-दूसरे से भिन्न रहेगी।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण गढ़वाल के चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने का आसार हैं। वहीं, देहरादून और नैनीताल जैसे क्षेत्रों में भी बादल छाने और हल्की बौछारें पड़ने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। कई स्थानों पर झोंकेदार हवाएं चलने और धूल भरी आंधी आने की संभावना भी जताई गयी है।

इसके विपरीत हरिद्वार और गढ़वाल के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। सुबह से दोपहर तक तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। हालांकि रात के समय तापमान में हल्की गिरावट से कुछ राहत मिल सकती है। आने वाले दिनों में इन क्षेत्रों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित