ऋषिकेश/देहरादून, मई 11 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स मुक्त देवभूमि विजन को साकार करने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत चार तस्कर गिरफ्तार किये गये हैं।

पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक किलो 220 ग्राम गांजा, 146.50 ग्राम चरस और 65 टेट्रा पैक अवैध देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी भी जब्त कर ली।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ऋषिकेश और क्लेमेंटाउन थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

ऋषिकेश की कोतवाली पुलिस ने खांड गांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्कूटी को रोककर तलाशी ली। स्कूटी सवार अनिल नाथ के पास से एक किलो 220 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया और स्कूटी सीज कर दी। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी मादक पदार्थ तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।

ऋषिकेश पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया। सदानंद मार्ग मॉर्डन स्कूल के पास से सुमित कुमार के कब्जे से 35 टेट्रा पैक और वीरभद्र रोड से गणेश के कब्जे से 30 टेट्रा पैक अवैध देसी शराब बरामद की गई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित