ऋषिकेश , मार्च 06 -- उत्तराखंड में पशुलोक बैराज के निकट नदी के बीच बने टापू पर फंसे एक युवक को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने देर रात सघन तलाश अभियान चलाकर सकुशल बचा लिया।

एसडीआरएफ ने कठिन परिस्थितियों, अंधेरे और नदी के तेज बहाव के बीच टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक तक पहुंच बनाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋषिकेश नियंत्र कक्ष से एसडीआरएफ के ढालवाला पोस्ट को सूचना मिली कि पशुलोक बैराज के निकट नदी के बीच बने टापू पर एक युवक फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पशुलोक बैराज से कुनाऊ गांव की दिशा में लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर तक युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद एसडीआरएफ टीम ने रात्रि के अंधेरे में तेज बहाव और दुर्गम नदी तटों के बीच सघन तलाश अभियान चलाया।

लगातार प्रयासों के बाद टीम को कुनाऊ गांव से लगभग दो किलोमीटर आगे नदी के बीच बने एक टापू पर युवक फंसा हुआ मिला। इसके बाद एसडीआरएफ टीम ने तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित