देहरादून , मार्च 13 -- उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने शुक्रवार को तीन अवैध तमंचे और 10 कारतूस के साथ दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि एसटीएफ की टीम ने आज रुद्रपुर थाना की पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर अपराधियों को तीन अवैध तमंचों (.315 बोर) और 10 जिन्दा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुर जिला में बिलासपुर थाना के सुभाषनगर निवासी जितेन्द्र वीर चौधरी और उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर जिला के आजाद नगर निवासी सुमित राठौर के तौर पर हुई हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिन पर दोनों राज्यों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान अवैध हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी हाथ लगे हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों पर हत्या के प्रयास के कुल छह मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी ने बताया कि इससे पहले गुरुवार को ही एसटीएफ ने एक अन्य शूटर सन्दीप चौहान को तीन तमंचों और 11 कारतूस के साथ रुद्रपुर से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार अपराधी दूसरे गैंग के साथ चल रही रंजिश के कारण अपना एक गैंग संचालित कर वारदात की फिराक में घूम रहा था। एसटीएफ को वारदात की आशंका के होने का सटीक इनपुट मिलने पर टीम ने घेराबन्दी कर उसकी गिरफ्तारी की कार्यवाही की गयी थी। उन्होंने बताया कि इस तरह चौबीस घंटों में तीन बदमाशों को हथियारों सहित पकड़ा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित