देहरादून , मई 27 -- उत्तराखण्डवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के जल्द आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में आगामी दिनों में बारिश, बिजली कड़कने, ओलावृष्टि तथा तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग की ओर से गुरुवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने तथा 40-50 कि.मी. प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। जबकि शुक्रवार को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40-50 कि.मी. प्रति घंटा से बढ़कर 60 कि.मी. प्रति घंटा तक की गति से तेज हवाएं चलने के आसार के साथ आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी अनुमान जताया गया है।
पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 30 तथा 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा संबंधित जिलों को सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड में रखने तथा त्वरित कार्रवाई हेतु सभी आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा बिजली एवं तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों एवं कमजोर संरचनाओं से दूर रहें। उन्होंने मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का सुझाव भी दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित