देहरादून , सितम्बर 24 -- उत्तराखंड में निर्वाचन आयोग ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ.बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांन्फ्रेंस कर आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। उन्होंने इस दौरान सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आयोग द्वारा निर्धारित गाइडलाइन (इलेक्शन प्लानर) के अनुसार चरणवद्ध तैयारियों के सम्बंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदान केंद्र के भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल, एवं अन्य जरुरी सुविधाओं को सुनिश्चित कर लिया जाए।
सीईओ ने जनपदों को निर्देश दिए कि आयोग द्वारा निर्धारित तिथियों के अनुसार सभी डीईओ, आरओ एवं स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी जनपदों को स्वीप प्लान बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बूथ, एवं विधानसभा स्तर पर कार्मिकों का विवरण तैयार करने, आवश्यक वाहनों, कार्मिकों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिलाधिकारियों को स्पष्ट किया आगामी माह में आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उत्तराखण्ड का भ्रमण किया जा सकता है जिसमें सभी से चुनाव तैयारियों के सम्बंध में विस्तारपूर्वक समीक्षा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित