हरिद्वार , मई, 31 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के चरम पर पहुंचने के साथ ही हरिद्वार में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को हरकी पैड़ी पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया, जबकि उप जिलाधिकारी मुख्यालय एवं नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने चारधाम पंजीकरण केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
श्री दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए किसी भी स्थान पर भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा मार्गों, भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस एवं सुरक्षा बलों को यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने चारधाम पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण कर यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य परीक्षण एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी सुविधाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। केंद्र पर स्वच्छ पेयजल और सुलभ शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। नगर निगम और संबंधित विभागों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित