देहरादून , मई 10 -- उत्तराखंड में रविवार को चारधाम यात्रा मार्ग पर हुई दो अलग - अलग मार्ग दुर्घटनाओं में एक महिला यात्री की मौत हो गई। जबकि कुल 07 लोग घायल हो गए। इनमें एक वाहन की विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे वाहन से भिड़ंत में बिहार राज्य के दो यात्री घायल हुए हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज प्रातः लगभग 10:30 बजे पौड़ी गढ़वाल जनपद की तहसील श्रीनगर के अन्तर्गत देहलचौरी अरकणी बैंड के समीप 01 इको कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 50-60 मीटर नीचे खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में कुल 05 सवारी थी। जिनमें से अनीता देवी पत्नी शशि राम भट्ट, आयु 49 वर्ष, निवासी अंसलग्रीन वैली, राजपुर रोड़, देहरादून की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि रश्मि देवी पत्नी प्रेमचंद थपलियाल, आयु 45 वर्ष, निवासी रतुड़ा, जनपद रूद्रप्रयाग, उनका पुत्र रोहित थपलियाल आयु 24 वर्ष, सुधा देवी पत्नी जगदीश प्रसाद, आयु 54 वर्ष, निवासी रतुड़ा रूद्रप्रयाग और सुमन बिष्ट पुत्री गजपाल सिंह बिष्ट, आयु 26 वर्ष, निवासी ग्राम भेंटा देहलचौरी, श्रीनगर को घायल अवस्था में उपचार के लिए बेस चिकित्सालय श्रीकोट में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित