देहरादून , सितम्बर 27 -- उत्तराखंड में विभिन्न ट्रैकिंग मार्गों पर खराब मौसम के कारण 179 ट्रेकर्स फंस गए हैं। इनको सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए सोमवार से सबसे पहले हाई एल्टीट्यूड ट्रेकिंग मार्गो पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा। जिसके दृष्टिगत युकाडा को हेलीकॉप्टर्स की व्यवस्था के निर्देश दिये गए हैं।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार शाम राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर उत्तरकाशी एवं बागेश्वर जनपदों में हाई एल्टीट्यूड ट्रेकिंग के दौरान विभिन्न स्थानों पर फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए संचालित किए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान संचालित किया जाए।
बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तरकाशी जनपद में 10 ट्रेकिंग दलों के 136 ट्रेकर्स तथा बागेश्वर जनपद में तीन दलों के 43 ट्रेकर्स, कुल 13 ट्रेकिंग दलों के 179 ट्रेकर्स विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। सभी ट्रेकर्स की सुरक्षित वापसी के लिए संबंधित जनपदों में रेस्क्यू प्लान तैयार किया गया है।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सोमवार 28 सितंबर को प्रातः छह बजे से हेलीकॉप्टरों के माध्यम से रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया जाए। उन्होंने यूकाडा के माध्यम से पर्याप्त संख्या में हेलीकॉप्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान सभी ट्रेकर्स से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए तथा उनकी लोकेशन, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यकताओं की नियमित जानकारी ली जाए।
उन्होंने कहा कि दुर्गम एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग से लगातार समन्वय स्थापित करते हुए रेस्क्यू की कार्ययोजना में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जाए।
मुख्य सचिव ने रेस्क्यू के बाद सभी ट्रेकर्स की तत्काल मेडिकल स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एम्स ऋषिकेश तथा श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को अलर्ट मोड पर रखने को कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अस्वस्थ ट्रेकर्स को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने रेस्क्यू अभियान में शामिल हेलीकॉप्टरों के लिए एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ईंधन की कमी के कारण रेस्क्यू अभियान प्रभावित न हो। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान में शामिल प्रत्येक हेलीकॉप्टर में सेटेलाइट फोन की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि ऊंचाई वाले एवं संचार विहीन क्षेत्रों में भी रेस्क्यू टीमों के साथ निरंतर संपर्क बना रहे।
उन्होंने उत्तरकाशी एवं बागेश्वर के जिलाधिकारियों को संबंधित रेस्क्यू टीमों, पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, सेना, आईटीबीपी, यूकेएडीए एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक ट्रेकर का सुरक्षित रेस्क्यू सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए सभी ट्रेकर्स को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित