देहरादून , जून 02 -- उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि राज्य में कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा अपने गृह राज्य हरियाणा में लगातार विफल रहने के बाद अब उत्तराखंड में किसी करिश्मे की उम्मीद कर रही है, जो हास्यास्पद है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने यहां जारी बयान में कहा कि भाजपा देहरादून से लेकर दिल्ली तक जनता से किये प्रत्येक वादे को पूरा कर लगातार उनका विश्वास जीत रही है लेकिन कांग्रेस पार्टी विपक्ष की भूमिका में भी असफल रहने के बाद आज भी बिल्ली के भाग से छींका फूटने का इंतजार कर रही है।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में उनकी तरफ से जारी इस बयान में कहा गया कि विगत नौ वर्षों से भाजपा सरकार ने विकास के ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने तो प्रत्येक क्षेत्र में नए नए कीर्तिमान स्थापित किए है। समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण कानून, दंगारोधी कानून, धार्मिक अतिक्रमणों पर कार्रवाई जैसे जनसांख्यिकी संतुलन बनाने के ऐतिहासिक कार्यों के साथ नकल कानन, आल टाइम रिकॉर्ड तोड़ सरकारी नियुक्तियां, नकल माफियाओं का सफाया, लाखों लखपति दीदी बनाना, बुजुर्ग दम्पति दिव्यांग आदि की पेंशन वृद्धि के अतिरिक्त वीर जवानों और उनके परिजनों के सहयोग राशि में बढ़ोतरी जैसे अभूतपूर्व जनकल्याण के काम किए गए।
श्री भट्ट ने बयान में कहा कि इसी तरह सड़क, रेल, हवाई और रोपवे आदि की कनेक्टिविटी की बेहतरी में तीव्र गति से काम आग बढ़ा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से लाखों करोड़ के विकास योजनाओं ने देवभूमि की तस्वीर बदल दी है। आज बारह महीने चार धाम यात्रा संभव हुई है, राज्य के अंदर सभी क्षेत्रों का दिल्ली से दूरी कम हुई है, रेल पहाड़ पर चढ़ने वाली है और रोपवे से चीटियों को जोड़ने की तैयारी अंतिम रूप में है। यही वजह है कि सरकार या भाजपा ही नहीं समूचे प्रदेशवासियों को भरोसा है कि ये दशक उत्तराखंड का बनने लगा है।
भाजपा अध्यक्ष ने उत्तराखंड की कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जो अपने गृह राज्य हरियाणा में विधानसभा के बाद अब निकाय चुनाव में जीत नहीं दिला पाई हों। जो अपने राज्य में गुटबाजी की प्रयाय हो, जिनकी हिमाचल आदि राज्य सरकारों पर निकाय चुनावों में हार का सिलसिला जारी हो, वो जीत के दावे कर रही हैं देवभूमि में। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भी चार निगमों में एक पर कांग्रेस जीती, बाकी नगर पालिका पंचायत परिषदों के नतीजे तो कांग्रेस के लिए और भी खराब रहे हैं। उन्होंने तंज किया कि ऐसे मुंगेरी लाल के हसीन सपने वो अपने स्थानीय कांग्रेस नेताओं को दिखा सकती हैं, लेकिन जनता को नहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित