टनकपुर , सितंबर 01 -- उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और टनकपुर कोतवाली पुलिस को सोमवार रात को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने लाखों रुपए मूल्य के सिंथेटिक नशीले पदार्थ (एमडीएमए) के साथ तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसटीएफ की कुमाऊं इकाई को कुछ समय पहले नशीले पदार्थों की तस्करी के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद निरीक्षक पावन स्वरूप अग्रवाल की अगुवाई मेंएसटीएफ की मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ) टीम ने तस्करों पर नजर रखना शुरू कर दिया। आखिरकार सटीक सूचना पर एसटीएफ की टीम ने टनकपुर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर तीन तस्करों को दबोच लिया। उनके कब्जे से 244.06 ग्राम एमडीएमए बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। यह इस वर्ष प्रदेश में हुई अब तक की नशे की सबसे बड़ी बरामदगी बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इमरान, आशीष और अभिषेक है। तीनों रुद्रपुर, जिला ऊधमसिंह नगर के रहने वाले हैं। एसटीएफ की टीम गिरफ्तार आरोपियों के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इसे एसटीएफ की अभी तक की बड़ी कामयाबी करार दिया है। एमडीएमए (मिथाइलीन डाइऑक्सी मेथ एम्फेटामीन मिथाइलीन डाइऑक्सी मेथ एम्फेटामीन) प्रयोगशाला में बनाए जाने वाला सिंथेटिक नशीला पदार्थ है। जिसे आमतौर पर एक्सटेसी या मौली भी कहा जाता है। बताया जा रहा है कि यह मुख्य रूप से सेंट्रल नर्वस सिस्टम में उत्तेजना पैदा करता है और मतिभ्रम पैदा करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित