देहरादून , जून 29 -- उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की समीक्षा की।

इस दौरान बताया गया कि प्रदेश में 99 प्रतिशत से अधिक गणना फार्म वितरित किए गए, जबकि पूरे प्रदेश में डिजिटाईजेशन का कार्य 92 प्रतिशत से अधिक हो गया है।

बैठक में सीईओ ने निर्देश दिए कि सभी जनपद फार्म डिजिटाइज करने की प्रक्रिया को यथा शीघ्र पूर्ण करें। जिन मतदाताओं को "अन कलेक्टेबल" श्रेणी में मार्क किया गया है, उनका एक बार और सत्यापन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में डिजिटाइजेशन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, वे जनपद मतदान केंद्रों के पुर्नगठन की तैयारी शुरु कर दें। उन्होंने निर्देश दिए कि डीईओ, ईआरओ, एएसडी सूची की स्वयं बूथवार समीक्षा करें।

बैठक में बताया गया कि जनपद अल्मोड़ा और चम्पावत में एसआईआर के गणना फार्म के डिजिटाईजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 97 प्रतिशत, टिहरी गढ़वाल 96 प्रतिशत, उत्तरकाशी 95 प्रतिशत, चमोली और पौड़ी गढ़वाल में 94 प्रतिशत, रुद्रप्रयाग 93 प्रतिशत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर 91 प्रतिशत, देहरादून और हरिद्वार में 88 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित