देहरादून , अक्तूबर 03 -- चुनाव आयोग के निर्देश पर उत्तराखण्ड राज्य में इस वर्ष एक जुलाई की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) शनिवार को संपादित कर दिया गया। राज्य में बीते आठ जून से एसआईआर अभियान की शुरुआत हुआ जिसके बाद 14 जुलाई को प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद शनिवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। जिसमें अंतिम मतदाता सूची में 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता शामिल हैं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डा बीबीआरसी पुरुषोत्तम ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि राज्य में एसआईआर शुरु होने के दिन कुल 79 लाख 60 हजार 762 मतदाता शामिल थे। गणना फार्म वितरण एवं संकलन के बाद प्रदेश में 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया जिसमें 71 लाख 33 हजार 785 मतदाता मतदाता सूची में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित तिथि के अनुसार 14 जुलाई से 13 अगस्त तक मतदाताओं को दावे एवं आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया गया। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 13 अगस्त से 28 सितंबर तक प्रदेश में दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण के बाद आज मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया जिसमें 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता सूची में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में कुल मतदेय स्थलों की संख्या 12543 है।
डा पुरुषोत्तम ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची में शामिल 7158949 मतदाताओं में 3421036 महिला, 3737701 पुरुष, 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। साथ ही प्रदेश में 18-19 आयुवर्ग में 72656 मतदाता, एवं 80 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 122892 मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एसआईआर अभियान के दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कुल एक लाख 29 हजार 872 नए मतदाता शामिल किए गए हैं जबकि एक लाख 04 हजार 708 मतदाताओं को नियमानुसार सूची से विलोपित किया गया है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाईट एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाईट पर ऑनलाइन विजिट कर देखी जा सकती है। इसके साथ हीं डीईओ /ईआरओ कार्यालय एव बीएलओ से भी सूची प्राप्त की जा सकती है।
सीईओ ने बताया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद ऐसे व्यक्ति, जो किन्ही कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वे सभी फार्म 6 भरकर ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन एवं अपने बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन मोड में भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे और बीएलओ को घर-घर जाकर जानकारी लेने का निर्देश दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित