नैनीताल , मार्च 17 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने प्रदेश में रसोई गैस (एलपीजी) गैस की कमी को लेकर फैल रही आशंकाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि राज्य में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है।

नैनीताल के भ्रमण पर पहुंचे मुख्य सचिव ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों को भी व्यावसायिक गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में गैस की कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को उनकी मांग के अनुरूप समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्य सचिव ने जोर देकर कहा कि कुछ स्थानों पर गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैल रही हैं, जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे घबराएं नहीं और अनावश्यक रूप से गैस का स्टॉक न करें। प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।

उन्होंने निर्देश दिए कि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और आम उपभोक्ता तक समय पर गैस पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित