रामनगर , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की लगभग 12 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुआ।
सभी मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन समाप्त हो गया है। दस अप्रैल मूल्यांकन का अंतिम था। समयबद्ध तरीके से मूल्यांकन समाप्ति पर परिषद अधिकारियों ने सभी को बधाई दी है। 29 मूल्यांकन केंद्रों से ही उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का ऑनलाइन डाटा पंचिंग होने से बोर्ड परीक्षाफल अप्रैल में ही घोषित होगा।
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर में मूल्यांकन का कार्य संपन्न होने के बाद, परिषद सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले परीक्षकों, कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस दौरान सामूहिक भोज का आयोजन भी हुआ।
सचिव श्री सिमल्टी ने बताया कि राज्य के सभी 29 मूल्यांकन केंद्रों में बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन संपन्न हो चुका है, उन्होंने मूल्यांकन में लगे नियंत्रक, उप नियंत्रक, पर्यवेक्षकों, प्रधान परीक्षक, परीक्षकों आदि काे धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन के बाद परिषद परीक्षाफल की तैयारी में जुट जाएगा। इस दौरान परिषद उप सचिव सी पी रतूड़ी, मूल्यांकन स्टाफ मौजूद रहा।
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाफल के लिए अभी कोई तिथि घोषित नहीं की गयी है, अप्रैल अंतिम सप्ताह तक बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे आने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित