देहरादून , मई 02 -- आम आदमी पार्टी की उत्तराखंड इकाई ने शनिवार को मांग की कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यदि सचमुच महिला हितैषी हैं, तो राज्य में यूसीसी की तरह 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू करें।

देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी की नेता उमा सिसौदिया ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण पर केंद्र से लेकर राज्यों तक जो गहमा गहमी का माहौल है, वह भाजपा द्वारा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि परिसीमन बिल को महिला आरक्षण बता कर देश की महिलाओं व जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता को मूर्ख बनाना बंद करे। क्योंकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम हकीकत नहीं भाजपा द्वारा जनता से किया गया छलावा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह सच में महिला आरक्षण बिल था या महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि यह नौटंकी क्या थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित