रुद्रपुर/सितारगंज , मई 08 -- उत्तराखंड की ऊधम सिंह नगर पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली सितारगंज पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरोह के सदस्य चोरी के वाहन नेपाल में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सितारगंज के नेतृत्व में गठित टीम पिछले दो माह से सुरागरसी और पतारसी कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गुरुवार रात को सिडकुल क्षेत्र स्थित सूखी नदी पुलिया के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान करन सिकदार निवासी सिमलपुर चुंगी बंगाली कॉलोनी थाना पुलभट्टा जनपद ऊधम सिंह नगर तथा समर सिंह निवासी शक्तिफार्म नंबर-01 बैकुण्ठपुर कोतवाली सितारगंज के रूप में हुई। उनके कब्जे से शक्तिफार्म के चड़क मेले से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूके 06बीपी-1149 बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने साथी अमरजीत सिंह के साथ मिलकर सितारगंज, शक्तिफार्म, किच्छा, रुद्रपुर, बाजपुर, बहेड़ी और बरेली समेत विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर नेपाल में बेचते थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अब तक करीब 25 चोरी की मोटरसाइकिलें नेपाल में बेची जा चुकी हैं। गिरोह का फरार सदस्य अमरजीत सिंह नेपाल सीमा क्षेत्र में चोरी के वाहन ले जाकर बेचता था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें बुलेट, दो अपाचे मोटरसाइकिल, प्लेटिना, डिस्कवर, हीरो स्प्लेंडर, एनटॉर्क स्कूटी तथा अन्य वाहन शामिल हैं। बरामद वाहनों के संबंध में बरेली, बहेड़ी सहित विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी अमरजीत सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी चौकी प्रभारी शक्तिफार्म, उपनिरीक्षक कैलाश देव, अपर उपनिरीक्षक राकेश रौकली, अपर उपनिरीक्षक प्रेम सिंह, कांस्टेबल जगदीश कोठियाल, कांस्टेबल भूपाल सिंह, कांस्टेबल सुमित चौधरी, कांस्टेबल कपिल कुमार और कांस्टेबल अशोक बोरा शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित