देहरादून , मई 03 -- उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में रविवार सुबह मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई।

अनेक स्थानों पर बिजली की लाइन और पेड़ टूटकर गिरने से यातायात भी अवरुद्ध हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिन इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आज सुबह अधिकांश स्थानों पर अंधेरा छाने के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। इससे अनेक स्थानों पर पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए। इस कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई।

ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने की भी खबर है। पौड़ी गढ़वाल में बी.जी.आर. कॉलेज परिसर में खड़े कुछ वाहनों पर पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है और गाडियां दब गयीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि रात्री में हुए तेज आंधी-तूफान के चलते कॉलेज परिसर में खड़े वाहनों के ऊपर दो बड़े एवं भारी पेड़ गिर गए थे, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।

दमकल विभाग द्वारा सतर्कता और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए "वुडन कटर" मशीन का प्रयोग कर गिरे पेड़ों को छोटे-छोटे हिस्सों में काटा गया, जिससे वाहनों को बिना अतिरिक्त नुकसान पहुंचाए सुरक्षित हटाया जा सके। टीम की कड़ी मेहनत और समन्वय के बाद पेड़ों को पूरी तरह हटा दिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन दोनों वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी राज्य के सभी जनपदों के अधिकांश स्थानों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश, गर्जन के साथ छींटे पड़ने और 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फवारी होने के आसार हैं। इसी तरह मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में अनेक स्थानों पर एवं शेष जनपदों के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ वर्षा और 4000 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फवारी होने का अनुमान है, जबकि 06 मई को राज्य के पर्वतीय जनपदों में कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ वर्षा और 4000 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फवारी की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित