रुद्रपुर , अप्रैल 15 -- उत्तराखंड में बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंडी परिषद को ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
इसके तहत आम जनता को सस्ते दरों पर फल, सब्जियां और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के लिए नई व्यवस्था लागू की जा रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखण्ड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू की अध्यक्षता में रुद्रपुर में बैठक आयोजित की गई, जिसमें महंगाई से राहत देने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश की प्रत्येक मंडी समिति में पांच-पांच बड़े खुदरा बिक्री काउंटर खोले जाएंगे। इन काउंटरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को फल, सब्जियां और अन्य आवश्यक वस्तुएं उचित और सस्ते दामों पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके साथ ही बाजार की निगरानी के लिए प्रत्येक मंडी में तीन सदस्यीय सचल दल का गठन किया जाएगा, जो प्रतिदिन बाजार का निरीक्षण कर फल एवं सब्जियों के खुदरा दामों का आकलन करेगा और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजेगा।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी खुदरा व्यापारियों को लाइसेंस जारी किए जाएं ताकि मूल्य नियंत्रण में पारदर्शिता बनी रहे और उपभोक्ताओं को अनावश्यक महंगाई का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा मोबाइल वैन के माध्यम से भी सस्ती दरों पर सामग्री उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक राहत पहुंचाई जा सके।
मंडी परिषद के अध्यक्ष ने कहा कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यदि कोई व्यापारी अधिक कीमत वसूलता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में निदेशक हेमंत वर्मा, महाप्रबंधक निर्मला बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी मंडियों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित