देहरादून , नवंबर 07 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) परिवार ने पत्रकारों के संग दिवाली मिलन कार्यक्रम उमंग एवं उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष, सांसद महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों को दीपावली की हार्दिक शुभकामना देते हुए उनके परिजनों समेत समस्त प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

शनिवार को हरिद्वार रोड रिस्पना पुल स्थित एक होटल में हुए इस दिवाली मिलन कार्यक्रम में भाजपा मीडिया टीम की तरफ से सभी पत्रकार मित्रों से औपचारिक वार्ता की गई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सभी लोगों से व्यक्तिगत मिलकर दिवाली की बधाई दी। उपस्थित पत्रकारों संग चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री भट्ट ने कहा कि आप लोग लोकतंत्र के चतुर्थ और अहम स्तंभ है, जिस पर निष्पक्ष एवं जन सरकारों की सरकार एवं समाज की भूमिका निर्भर करती है। वर्तमान दौर में जब देश विकास की नई ऊंचाइयों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है और दुनिया भर से नकारात्मक तौर तरीकों के हमले भी हमारे देश समाज पर बढ़ रहे हैं। ऐसे में समाज का आईना एवं आवाज होने के चलते, लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था की मजबूती आप सभी पर भी निर्भर करती है। लिहाजा सभी से आग्रह है कि प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने के लिए समाज द्वारा अपनी भूमिका निर्वहन में आप मार्गदर्शक का काम करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित