देहरादून , अक्तूबर 31 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के जैनी प्रकरण पर कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही और सार्वजनिक जीवन में नेताओं के आचरण को लेकर सवाल उठाए हैं।

पार्टी प्रवक्ता और वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली ने शनिवार को कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने वाले नेताओं को अपने पुराने विवादों पर भी तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल और उसके नेताओं को सवालों का जवाब देने के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए। किसी पुराने प्रकरण पर चर्चा होने पर राजनीतिक बयानबाजी या एक-दूसरे को चेतावनी देने के बजाय तथ्यों के आधार पर बात करना अधिक जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जैनी प्रकरण जैसे पुराने और चर्चित मामले पर कांग्रेस नेतृत्व अपनी स्पष्ट स्थिति जनता के सामने क्यों नहीं रखता? ताकि जनता के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। पार्टी का स्पष्ट मत है कि सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं हो सकती। जो नेता दूसरों से नैतिकता और जिम्मेदारी की अपेक्षा करते हैं, उनसे भी यही अपेक्षा की जाती है कि वे अपने से जुड़े विवादों पर स्पष्ट और तथ्यपूर्ण जवाब दें।

उन्होंने कहा कि काग्रेस नेता हरक सिंह रावत की ओर से भाजपा नेताओं को चेतावनी दिए जाने के बाद यह बहस और तेज हो गई है। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व की जिम्मेदारी है कि वह इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करे और राजनीतिक बयानबाजी के बजाय तथ्यों के आधार पर जनता के सवालों का जवाब दे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित