रामनगर,31जनवरी(वार्ता) उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक एकल पाली में आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष प्रदेशभर से कुल 2,16,109 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें हाईस्कूल के 1,12,660 तथा इंटरमीडिएट के 1,03,449 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।

बोर्ड परीक्षाओं के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संचालन को लेकर शनिवार को परिषद सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के सभापति एवं निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती ने की। बैठक में दोनों मंडलों के अपर निदेशक (माध्यमिक), प्रदेश के सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी और संकलन केंद्रों के उप नियंत्रक उपस्थित रहे।

इस वर्ष प्रदेश में कुल 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 केंद्रों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की आशंका को रोका जा सके।

परीक्षा सामग्री के सुरक्षित भंडारण और वितरण के लिए 13 मुख्य संकलन केंद्र तथा 26 उप संकलन केंद्र स्थापित किए गए हैं। परिषद सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बैठक में सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षाएं पूरी गोपनीयता और सतर्कता के साथ कराई जाएं। उन्होंने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन तथा परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में अपर सचिव बीएमएस रावत, उप सचिव सुषमा गौरव, प्रभारी वित्त अधिकारी दिनेश चंद्र जोशी, शोध अधिकारी शैलेन्द्र जोशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। परिषद ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित