रामनगर,06मार्च (वार्ता) उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही हैं,परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच इंटरमीडिएट के कई महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।
आज आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यार्थियों ने राजनीतिज्ञान, भौतिक विज्ञान, कृषि भौतिक एवं जलवायु भाग-1 तथा कृषि जंतु विज्ञान भाग-2 विषयों की परीक्षा दी,परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की हलचल देखने को मिली और निर्धारित समय पर परीक्षाएं शुरू कराई गईं।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्यभर में परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुईं,सभी परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई थी,उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट राजनीतिज्ञान विषय की परीक्षा में कुल 1232 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि भौतिक विज्ञान विषय में 787 छात्र-छात्राएं परीक्षा देने नहीं पहुंचे।
इसके अलावा कृषि भौतिक एवं जलवायु भाग-1 में 27 तथा कृषि जंतु विज्ञान भाग-2 में 3 परीक्षार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए,परिषद के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की शिकायत सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित