हरिद्वार , अक्टूबर, 17 -- उत्तराखंड पुलिस का 12 सदस्यीय दल शनिवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद, हरिद्वार पहुंचा। वह एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकतानगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली-2026 में प्रतिभाग करेगा। मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई विषय पर आधारित इस रैली का उद्देश्य नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाना है।

सहायक सेनानायक संजय उप्रेती के नेतृत्व में देहरादून से रवाना हुए दल का पुलिस लाइन में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। दल में पांच बुलेट मोटरसाइकिल, एक बोलेरो और एक टेंपो ट्रैवलर शामिल हैं।

इस अवसर पर पुलिस मॉडर्न स्कूल, रोशनाबाद के छात्र-छात्राओं ने लघु नाटिका, नुक्कड़ नाटक और कविता पाठ के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों के जरिए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव ने टीम लीडर संजय उप्रेती को स्मृति चिह्न भेंट किया और पूरी टीम को सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद दल को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया। उत्तराखंड पुलिस का यह दल हरिद्वार से आगे बढ़ते हुए गुजरात के एकतानगर पहुंचेगा, जहां एकता दिवस पर प्रस्तावित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में प्रतिभाग करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित