देहरादून , मार्च 25 -- उत्तराखंड मंत्री परिषद (कैबिनेट) की बुधवार सुबह देहरादून स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई। बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने कैबिनेट में शामिल नए मंत्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान श्री धामी ने वर्तमान सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शुभकामना संदेश के संबंध में मंत्रिमंडल को अवगत कराया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री के संदेश का विधिवत वाचन किया।
प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश पर कैबिनेट ने आभार व्यक्त करते हुए इसे राज्य सरकार के लिए प्रेरणादायक बताया। कैबिनेट सदस्यों ने कहा कि यह संदेश राज्य के विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रयासों को और अधिक गति देने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
बैठक में राज्यहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित