देहरादून , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत, राज्य के 21 अन्य प्राथमिक विद्यालयों के जर्जर भवनों का पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण किया जायेगा। इन विद्यालयों के कायाकल्प के लिये सोमवार को विद्यालय शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने 3.52 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये।

इसके साथ ही निर्माण कार्य के लिये कार्यदायी संस्था भी नामित कर दी गई है। शीघ्र ही चयनित विद्यालयों में निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कर कर दिया जायेगा। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं।

डाॅ. रावत ने बताया कि जर्जर हो चुके विद्यालय भवनों का पुनर्निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। चार विभिन्न जिलों के 21 प्राथमिक विद्यालयों का शीघ्र कायाकल्प किया जायेगा। जिससे विद्यालय के आधारभूत ढांचे में न सिर्फ सुधार होगा, बल्कि शैक्षणिक वातावरण भी विकसित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता और सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर कार्य कर रही है, जिसका लाभ प्रदेश के नौनिहालों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के चार जिलों पिथौरागढ़, देहरादून, ऊधमसिंह नगर तथा अल्मोड़ा के 21 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के भवनों के पुननिर्माण, छत, फर्श, चाहरदीवारी सहित लघु एवं वृहद मरम्मत कार्य के लिये कुल 3.52 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत कर दी है। शीघ्र ही उक्त धनराशि विद्यालयों को आंवटित कर दी जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित