हरिद्वार , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड की धार्मिक नगरी हरिद्वार में तीर्थस्थल हरकी पैड़ी क्षेत्र की व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई करते हुए भिक्षावृत्ति के खिलाफ अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संचालित "ऑपरेशन लगाम" के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने आज विशेष जांच अभियान चलाया गया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने घाट क्षेत्र में निगरानी के दौरान ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया, जो श्रद्धालुओं से जबरन भीख मांगने के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान कुल 20 भिक्षुकों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने सभी के विरुद्ध भिक्षुक अधिनियम के अंतर्गत 20 अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की गतिविधियां तीर्थस्थल की गरिमा को प्रभावित करती हैं और यात्रियों को असुविधा होती है।
अभियान में उपनिरीक्षक एवं पुलिस कर्मियों की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि हरकी पैड़ी क्षेत्र में कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित