ऋषिकेश , अक्टूबर 25 -- उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने के कथित बयान को लेकर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार को श्यामपुर में कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला दहन कर आक्रोश जताया गया। प्रदर्शनकारियों ने समाजवादी पार्टी और उसकी सहयोगी कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देवभूमि के लोगों ने अपने परिश्रम, त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा के बल पर देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान बनाई है। ऐसे में प्रदेशवासियों के प्रति इस प्रकार की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है। यहां के जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। वहीं, प्रदेश के मेहनतकश नागरिकों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और नागरिकों के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित