पौड़ी , अगस्त 06 -- उत्तराखंड के श्रीनगर-बुघानी रोड पर गढ़वाल विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास के समीप स्थित एक कच्चे मकान में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया जबकि भीतर रखा घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम दो अग्निशमन वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

फायरकर्मी सोनू सैनी ने बताया कि आग बेहद विकराल थी और राहत कार्य के दौरान मकान में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के कारण ईंट-पत्थर दूर तक जा गिरे, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि उस समय सभी दमकल कर्मी सुरक्षित स्थान पर थे और कोई जनहानि नहीं हुई।

कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे आसपास के मकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित