रुद्रपुर , अगस्त 29 -- उत्तराखंड के रूद्रपुर में बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक के पास कथित तौर पर भड़काऊ भाषण देने के मामले में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने शनिवार को आरोपी मौलाना मुफ्ती मुजीब अहमद को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार मौलाना ऊधम सिंह नगर के खेड़ा मदरसा का प्रधानाचार्य बताया जा रहा है और आरोपी मूल रूप से उप्र के रामपुर के थाना टांडा के पर्वतपुर का निवासी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 26 अगस्त को बारावफात पर्व के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ। वीडियो में रुद्रपुर के त्रिशूल चौक के पास बारावफात जुलूस के दौरान खुले वाहन में बैठे मौलाना मुफ्ती मुजीब अहमद द्वारा कथित रूप से भड़काऊ और उकसाऊ भाषण दिए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने भाषण को प्रथम दृष्टया दो समुदायों के बीच वैमनस्यता फैलाने और सांप्रदायिक तनाव की आशंका को देखते हुए कोतवाली रुद्रपुर में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने प्रारंभ में धारा 196(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया लेकिन विवेचना के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152(2) के तहत धारा भी बढ़ाई गई। इसके बाद पुलिस ने आज फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी अजय गणपति ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित