रुद्रपुर , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के ऊधम सिंह जिले में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई जिसमें गदरपुर और केलाखेड़ा के बीच नेशनल हाईवे पर टनकपुर से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस पर मामूली बात के लिए बाइक सवार युवकों ने रोडवेज बस हमला कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओवरटेक के मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और बाइक सवारों ने बस का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही बस चीनी मिल के पास पहुंची, हमलावरों ने अचानक पथराव कर दिया। उन्होंने डंडों से चलती बस पर हमला कर शीशे तोड़ दिए। इस दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हमले में बस चालक भी घायल हो गया लेकिन उसने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सुरक्षित दोराहा चौकी तक पहुंचा दिया। इस दौरान कुछ यात्रियों ने पूरी वारदात अपने मोबाइल में कैद कर ली।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित