देहरादून , दिसंबर 22 -- स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से विभिन्न संकायों में चयनित 140 असिस्टेंट प्रोफेसरों के तैनाती प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित हुए असिस्टेंट प्रोफेसरों को विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में तैनात किया जायेगा।

देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज में अलग-अलग फैकल्टी में 41 असिस्टेंट प्रोफेसर को तैनाती दी गई है। इसी तरह राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार के लिए 12, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में 33, हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के लिए 24, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में दो और राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में 28 असिस्टेंट प्रोफेसर को प्रथम तैनाती दी गई है।

इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में एनेस्थीसिया संकाय में 15 असिस्टेंट प्रोफेसरों को तैनाती मिली है। एनाटॉमी और पीडियाट्रिक्स में सात-सात, ब्लड बैंक, रेडियोथेरेपी और डर्मेटोलॉजी में तीन-तीन, कम्युनिटी मेडिसिन और पैथोलॉजी 12-12, डेंटिस्ट्री दो, इमरजेंसी और फॉरेंसिक मेडिसिन एक-एक, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, रेस्पीरेट्री मेडिसिन और फार्माकोलॉजी पांच-पांच, माइक्रोबॉयोलॉजी और आर्थोपैडिक्स नौ-नौ, ऑब्स्ट्रेक एंड गायनी आठ, ऑप्थमोलॉजी चार एवं ओटो-राइनो-लेरिंगोलॉजी, बॉयोकेमेस्ट्री, साइकेट्री व फिजियोलॉजी संकाय में छह-दह असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित