देहरादून , मई 15 -- उत्तराखंड मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में विस्तृत चर्चा की। राज्य में चुनाव आयोग के निर्देशों के क्रम में 29 मई से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रकिया प्रारम्भ होगी।

श्री पुरुषोत्तम ने इस दौरान राजनैतिक दलों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से न छूटे और अपात्र मतदाता, सूची में शामिल न हो।

सीईओ ने बताया कि राज्य में एक जुलाई की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। इस दौरान 29 मई से सात जून तक गणना प्रपत्र के प्रिंटिग, कर्मचारियों के प्रशिक्षण सम्बंधी कार्य सम्पादित किए जाएंगे। आठ जून से सात जुलाई तक बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं संकलन किया जाएगा। 14 जुलाई को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसी बीच 10 जुलाई से 11 सितंबर तक सभी नोटिस जारी कर दावे आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित