रुद्रपुर , अक्टूबर 16 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर और गदरपुर में जिला प्रशासन ने अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान के आकलन में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक में अधिकारियों से पारदर्शिता के साथ त्वरित आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कृषि, उद्यान, गन्ना, अग्रणी बैंक और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का तत्काल सटीक आकलन पूरा किया जाए, ताकि रिपोर्ट शासन को भेजी जा सके।

उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्र में फसलों का ड्रोन सर्वे अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र के काश्तकारों के बिजली बिलों का भी आकलन कराने को कहा। उन्होंने ड्रोन सर्वे कराने के भी निर्देश दिए हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, मुख्य उद्यान अधिकारी एस.के. शर्मा, सहायक आयुक्त गन्ना शैलेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव हरीश चंद्र खंडूड़ी, एलडीएम कमल कुमार और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

यहां बता दें कि ऊधमसिंह नगर में पिछले दिनों आये तूफान, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि के चलते फसल को काफी नुकसान की खबर आयी थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं बाजपुर पहुंच कर जायजा लिया था और जिला प्रशासन को अविलंब नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित