पौड़ी , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिले के पैठाणी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बुधवार को सफल खुलासा करते हुए दो किशोरों को संरक्षण में लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की स्कूटी, कंप्यूटर का सीपीयू, अग्निशमन यंत्र तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों किशोर नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर चाकीसैण के प्रधानाचार्य विश्वम्भर दत्त नौटियाल ने थाना पैठाणी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने स्कूल की अलमारियों के ताले तोड़कर 16,500 रुपये नगद, कंप्यूटर का सीपीयू और अग्निशमन यंत्र चोरी कर लिया। इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

वंही 27 अप्रैल को चाकीसैण निवासी प्रभाकर गौड़ ने अपनी स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसे 25 अप्रैल की रात ग्राम मैली से चुरा लिया गया था। लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।

थानाध्यक्ष पैठाणी सुनील रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास गहन जांच, संदिग्धों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच अभियान के दौरान पुलिस ने गोदा गांव, बुंखाल मंदिर रोड के पास से दो किशोरों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं को कबूल कर लिया।

पूछताछ में किशोरों ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल को ग्राम मैली के एक बंद घर का ताला तोड़कर वहां से जेवर और नगदी की भी चोरी की थी। इस दौरान उन्होंने उसी घर में खाना बनाया, शराब पी और कुछ शराब की बोतलें साथ भी ले गए। हालांकि इस घटना की अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों किशोर गांजा और शराब के आदी हैं और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी करते थे। दोनों पैठाणी क्षेत्र के निवासी हैं और वर्तमान में देहरादून में रह रहे थे।

बरामदगी में शामिल पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी, कंप्यूटर सीपीयू, अग्निशमन यंत्र और सोने-चांदी के आभूषण (नथ, मांगटीका, बिछुए, कान के टॉप्स, लेडीज घड़ी आदि) बरामद किए हैं।

फिलहाल दोनों किशोरों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित